NEHRU COLLEGE CHHIBRAMAU KANNAUJ
दिनांक 06.03.2025 को नेहरू कॉलेज, छिबरामऊ, कन्नौज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर में ग्राम पंचायत कल्याणपुर में छठवें दिन वॉलेंटियर्स ने लक्ष्य गीत एवं योगाभ्यास से कार्यक्रम की शुरुआत की। आज बौद्धिक सत्र में 'महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलम्बन' विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। एनएसएस प्रभारी डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया। डॉ. कृष्ण कुमार यादव ने अपना वक्तव्य रखते हुए कहा संसाधन एवं कार्यों का असमान बँटवारा महिलाओं के पिछड़ने का मुख्य कारण है। आज भी महिलाओं द्वारा किया गया 80 प्रतिशत कार्य अनपेड लेबर के अंतर्गत आता है। महिला सशक्तिकरण के दृष्टिकोण से परंपरागत एवं आधुनिक समाज की तुलना करें तो महिलाओं की स्थिति पर पितृसत्तात्मक विचारों का प्रभाव पूरी तरह से अभी भी समाप्त नहीं हुआ है। पुरुषों के बराबर सम्मान व अधिकार शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के द्वारा ही प्राप्त किया जा सकता है। महिलाओं को आर्थिक स्वावलम्बन पर कार्य करना चाहिए। श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा जब तक समान अवसर उपलब्ध नहीं होगा महिलाएँ बराबरी का मुकाम हासिल नहीं कर सकती हैं। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को जमीनी धरातल पर उतारा जाना आवश्यक है। आज महिलाएँ सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं परंतु आनुपातिक तौर पर यह संख्या बहुत कम है। उनकी प्रमुख लड़ाई पितृसत्ता से है। पितृसत्ता अपने साथ तमाम तरह की जड़ताएँ लेकर आती है। पुलिस महिलाओं के लिए किस प्रकार मददगार हो सकती है इस विषय पर कोतवाली छिबरामऊ की पुलिस उपनिरीक्षक दीपांजलि वर्मा एवं अंकिता तिवारी ने स्वयंसेवकों से कानूनी मुद्दों पर चर्चा करते हुए बताया कि महिलाएँ हेल्पलाइन-1090, इमरजेंसी हेल्पलाइन-112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। स्वयंसेवकों को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। इंटरनेट संबंधी सोशल साइट का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से करना चाहिए। स्वयंसेवकों को आत्म सुरक्षा के बारे में बताया। "बेटी बचाओबेटी पढ़ाओ"विषय पर कीर्ति चौहान,आशिया,काजल यादव' ने गीत एवं अपने विचार व्यक्त किये। बौद्धिक सत्र के उपरांत मध्यान भोजन हुआ। अगले सत्र में स्वयंसेवकों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर पोस्टर बनाएं तथा गांव में जाकर पोस्टर द्वारा संविधान में वर्णित महिलाओं के अधिकारों को बताया। अंतिम सत्र में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ उदयपाल सिंह व डॉ धर्मवीर सिंह द्वारा वॉलेंटियर्स को खो-खो खिलाया गया। आप दोनों ने रेफरी की भूमिका निभायी। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। -डॉ०आशीष कुमार गुप्ता एनएसएस प्रभारी नेहरू कॉलेज छिबरामऊ कन्नौज