दिनांक 25 दिसंबर 2025 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज में विश्वविद्यालय, कानपुर के निर्देशानुसार सुशासन दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्री हरि ओम ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन का तात्पर्य ऐसी शासन व्यवस्था से है, जिसमें सत्ता का प्रयोग समाज की समस्याओं के समाधान तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हेतु पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं दक्षता के साथ किया जाता है। उन्होंने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विषम परिस्थितियों में रचित उनकी प्रेरणादायी कविता
“क्या हार में क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं,
कर्तव्य पथ पर जो मिला, यह भी सही, वह भी सही…”
का स्मरण कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। तत्पश्चात छात्रा दीक्षा ने अपने वक्तव्य में अटल जी को एक दूरदर्शी राष्ट्रनेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि एवं निर्भीक पत्रकार के रूप में प्रस्तुत करते हुए सुशासन, पारदर्शिता तथा राष्ट्रनिर्माण में उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.