आज दिनांक 17 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत चाँदापुर में प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति के संरक्षण एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया गया। प्रातःकाल सभी स्वयंसेवक महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में आवश्यक सामग्री के साथ सभी स्वयंसेवक शिविर स्थल ग्राम पंचायत चाँदापुर के लिए प्रस्थान किए। शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। भोजनावकाश के बाद द्वितीय सत्र का शुभारंभ किया गया। इस सत्र में *मुख्य अतिथि* दृगपाल सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रबंधक *श्री अभय सिंह* एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति द्वारा माँ सरस्वती के पूजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. शिखा कुमारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्राचार्य महोदय को संबोधन हेतु आमंत्रित किया। अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर में नियमित सहभागिता करते हुए सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि श्री अभय सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जाति-पात और संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर शिक्षा को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव ने स्वयंसेवकों को शिविर के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी दी तथा उन्हें विभिन्न समूहों में विभाजित कर जिम्मेदारियाँ सौंपीं। सायंकालीन सत्र का समापन लक्ष्य गीत, शपथ एवं राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक वातावरण में अंताक्षरी जैसी मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया और सामूहिक भोजन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगणों का सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.