सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस-22 फरवरी 2026
आज दिनांक 22 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वामी विवेकानंद इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस का शुभारंभ राष्ट्रगान, NSS लक्ष्य गीत एवं NSS शपथ के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। इसके उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया, जिसमें सभी ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
षष्ठम दिवस का मुख्य विषय “साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव: डिजिटल सुरक्षा जागरूकता” रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उमेश यादव (उप-प्रधानाचार्य, मां शीतला देवी इंटर कॉलेज, डिगसरा, कन्नौज) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। डॉ. शिखा कुमारी ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति द्वारा उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. उमेश यादव ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत अपने परिजनों को सूचित करने और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। अंत में उन्होंने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रथम सत्र के समापन की घोषणा की।
भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम पंचायत चांदापुर में साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
सायंकालीन सत्र में डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने मनोरंजक गतिविधियों जैसे आंख-मिचौली एवं अंताक्षरी में भाग लिया। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया और मिल-जुलकर भोजन ग्रहण किया, जिससे टीम भावना एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कुलानुशासक श्री दिलदार सिंह, कुं. प्रभा अग्निहोत्री, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री प्रदीप कुमार, अकाउंटेंट श्री मोरपाल सिंह सहित सभी स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.