आज दिनांक 21 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वामी विवेकानंद इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस का शुभारंभ राष्ट्रगान, NSS लक्ष्य गीत तथा NSS शपथ के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया।
पंचम दिवस का मुख्य विषय “स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर” रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर से पधारे मुख्य अतिथि डॉ. उमापति मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि काउंसलर डॉ. अदिति द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. शिखा कुमारी ने अतिथियों का परिचय कराया। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव द्वारा अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. उमापति मिश्रा ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है और समय पर उपचार कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। विशिष्ट अतिथि काउंसलर डॉ. अदिति ने विशेष रूप से महिलाओं एवं किशोरियों के आंतरिक स्वच्छता और मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा इस विषय में जागरूक एवं सजग रहने की प्रेरणा दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है तथा निरोगी काया ही सर्वोत्तम सुख है।” उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी समान रूप से महत्वपूर्ण बताया तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात प्राचार्य महोदय के अनुरोध पर चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान डॉ. अदिति द्वारा स्वयंसेविकाओं को आंतरिक स्वच्छता से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रथम सत्र के समापन की घोषणा की गई।
भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में ग्राम पंचायत चांदापुर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा सैनिटरी पैड्स का वितरण भी किया गया।
सायंकालीन सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा मनोरंजक गतिविधियों जैसे खेल एवं अंताक्षरी का आयोजन किया गया । इसके उपरांत सभी स्वयंसेवकों ने मिलकर सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया और साथ मिलकर भोजन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कुलानुशासक दिलदार सिंह, कुं. प्रभा अग्निहोत्री, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप कुमार, अकाउंटेंट मोरपाल सिंह सहित समस्त स्वयंसेवकों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.