सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस-20/02/2026
आज दिनांक 20 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वामी विवेकानंद इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का शुभारंभ NSS लक्ष्य गीत के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। इसके उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया। चतुर्थ दिवस का मुख्य विषय “वैज्ञानिक सोच और तार्किकता को बढ़ावा तथा अंधविश्वास निर्मूलन ” रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ सूचना प्रौद्योगिकी एवं साइबर अभियंता श्री पंकज कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक सोच ही व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता का आधार है। अंधविश्वास मनुष्य की सोचने-समझने की शक्ति को कमजोर करता है। उन्होंने समाज को अंधविश्वास से मुक्त कर तर्कशील और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे समाज को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व बैंक अधिकारी एवं प्रसिद्ध जादूगर श्री पी.सी. कानपुरी ने अपनी अद्भुत जादू कला का प्रदर्शन कर सभी को रोमांचित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जादू किसी अलौकिक शक्ति का परिणाम नहीं, बल्कि अभ्यास, तकनीक और मानसिक कौशल की कला है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी प्रकार की कलाओं को चमत्कार बताकर समाज में ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है तथा वैज्ञानिक चेतना के माध्यम से ही अंधविश्वास को समाप्त किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में विज्ञान एवं तार्किक सोच के प्रसार हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शिखा कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव, दिलावर सिंह, अकाउंटेंट मोरपाल सिंह, कु. प्रभा, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप कुमार सहित समस्त स्वयंसेवक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। भोजन अवकाश के पश्चात द्वितीय सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों द्वारा जनजागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को अंधविश्वास के दुष्प्रभावों तथा वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सायंकालीन सत्र में डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा मनोरंजक एवं सामूहिक गतिविधि के रूप में खेल आयोजित किए गए। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया और एक साथ भोजन कर सामूहिकता एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ किया। इस पूरे आयोजन में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगणों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।