आज दिनांक 19 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वामी विवेकानंद इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का शुभारंभ NSS लक्ष्य गीत के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। इसके उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। तृतीय दिवस का मुख्य विषय “ *नशा मुक्ति एवं मतदाता जन-जागरूकता”* रखा गया। इस अवसर पर डॉ. शिखा कुमारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का परिचय कराते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तथा विषय की महत्ता से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री धर्मेंद्र कुमार यादव (प्रधानाचार्य, एस.एस.आर. विद्यालय, धीरपुर) का स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। वहीं विशिष्ट अतिथि मो. अनीस (उप-प्रधानाचार्य, एस.एस.आर. विद्यालय, धीरपुर) को कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नशा मुक्ति और मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा मुक्त व्यक्ति ही अपने मताधिकार का सही एवं विवेकपूर्ण प्रयोग कर सकता है। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि मो. अनीस ने भी युवाओं को जागरूक नागरिक बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने अपने उद्बोधन में संतुलित जीवन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जीवन में किसी भी चीज की अति हानिकारक होती है। उन्होंने कहा—
“ *अति का भला न बरसना, अति की भली न धूप,*
*अति का भला न बोलना, अति की भली न चुप।”*
उन्होंने बताया कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग, नशे की आदत या किसी भी वस्तु का अत्यधिक प्रयोग व्यक्ति और समाज दोनों के लिए हानिकारक है। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे वह अपने मताधिकार जैसे महत्वपूर्ण अधिकार का सही उपयोग नहीं कर पाता। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रथम सत्र का समापन किया। भोजनावकाश के पश्चात स्वयंसेवकों ने “ *एक वोट – एक देश* ” विषय पर *नुक्कड़ नाटक* का अभ्यास किया तथा ग्राम चाँदापुर में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों के मध्य नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के महत्व एवं लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति रैली निकालकर जनसामान्य को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।सायंकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने खेल-कूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अंताक्षरी के माध्यम से सांस्कृतिक सहभागिता प्रदर्शित की। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने NSS शपथ ली और भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगणों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.