सात दिवसीय विशेष शिविर का सप्तम दिवस-23 फरवरी 2026
आज दिनांक 23 फरवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानंद इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के सप्तम दिवस का शुभारंभ राष्ट्रगान, NSS लक्ष्य गीत एवं NSS शपथ के साथ उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। इसके उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया। शिविर के प्रथम सत्र में शिक्षा जागरूकता विषय के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने ग्राम चांदापुर में रैली निकालते हुए नुक्कड़ नाटक “शिक्षा की रोशनी – स्कूल से कॉलेज तक” का प्रभावशाली मंचन किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा बच्चों को इंटरमीडिएट के बाद महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने हेतु प्रेरित किया गया।
द्वितीय सत्र में शिविर के समापन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राम प्रकाश शर्मा (प्रधानाचार्य, चौधरी अवनीश कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज, छबीलेपुरवा, कन्नौज) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राघवेंद्र कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। डॉ. शिखा कुमारी ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि यह शिविर केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का समग्र प्रशिक्षण है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, मतदाता जागरूकता, वैज्ञानिक सोच, अंधविश्वास उन्मूलन, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर सुरक्षा एवं शिक्षा जागरूकता जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज सेवा की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया तथा NSS के मूल मंत्र “Not Me, But You” को सार्थक करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि श्री राम प्रकाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में राष्ट्र सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारत की विविधता, एकता तथा नारी सम्मान की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। छात्रा मालती ने “जीना है तो पापा शराब नहीं पीना” गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर नशा उन्मूलन का प्रभावशाली संदेश दिया।
इसके पश्चात पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया—
उत्कृष्ट सेवा सम्मान – छात्रा दामिनी
आदर्श समयपालन सम्मान – छात्रा अनुष्का दीक्षित
निःस्वार्थ सेवा समर्पण सम्मान – छात्र प्रभात कुमार
सक्रिय एवं प्रेरणादायी सहभागिता सम्मान – छात्रा निराली
उत्कृष्ट नेतृत्व एवं संगठन क्षमता सम्मान – छात्रा शिवांगी को
क्रमशः मुख्य अतिथि श्री राम प्रकाश शर्मा, प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति, विशिष्ट अतिथि श्री राघवेंद्र कुशवाहा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव एवं डॉ. शिखा कुमारी द्वारा प्रदान किए गए।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्राचार्य, समस्त शिक्षकों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल समापन की घोषणा की।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.