सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर चौराहे पर चलाया अभियान*
*सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर चौराहे पर चलाया अभियान*
कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में रोड सेफ्टी क्लब प्रभारी डॉ. संगीता सिरोही के कुशल निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेंजर्स के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 19 नवंबर 2026 को सड़क सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा (16 से 30 नवंबर 2026) के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली एवं चौराहे पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छात्राओं ने रैली एवं संवाद के द्वारा सड़क पर चलने वाले यात्रियों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। रेंजर प्रभारी प्रो स्वाति सक्सेना ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। डॉ शिप्रा श्रीवास्तव ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम एवं निदेशक प्रो. अर्चना वर्मा ने अपने संबोधन में छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर लगभग 100 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं दूसरों को जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम को सफल बनाने में रेंजर समिति तथा एनएसएस समिति के सदस्यों तथा कार्यालयाध्यक्ष कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव का विशेष सहयोग सराहनीय रहा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं जागरूकता की भावना विकसित करना था।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.