सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम7 जनवरी 2026
*दिनांक 7 जनवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज में रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान* में छात्रों एवं अभिभावकों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते प्राचार्य श्री हरि ओम ने कहा कि “ *सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का दृढ़ संकल्प है।”* उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना ये सभी आदतें न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे समाज को सुरक्षित बनाती हैं। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज में दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, क्योंकि एक जिम्मेदार नागरिक बनकर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्रों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। इसके पश्चात जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट बांधने के लिए प्रेरित किया, साथ ही यातायात नियमों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. पल्लवी यादव (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी), डॉ. शिखा कुमारी (एनसीसी सीटीओ), हवलदार संजय भोसले सहित महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।