प्रथम एकदिवसीय कार्यक्रम-24 जनवरी 2026
दिनांक 24 जनवरी 2026 को अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज की एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत ग्राम चाँदापुर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, पर्यावरण संवर्द्धन एवं सामुदायिक सेवा से संबंधित विभिन्न विषयों पर सर्वेक्षण कार्य किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने ग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। प्रश्नावली के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, पेयजल व्यवस्था, सड़क एवं यातायात, स्वच्छता तथा स्वरोजगार की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एकत्र की गई। स्वयंसेवकों द्वारा प्राप्त सभी सूचनाओं को सुव्यवस्थित एवं क्रमबद्ध रूप से संकलित किया गया, जिससे ग्राम विकास से संबंधित वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। सर्वेक्षण कार्य के उपरांत ग्राम चाँदापुर के प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव द्वारा किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं सामाजिक विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व को रेखांकित किया तथा उद्बोधन हेतु महाविद्यालय के प्राचार्य को आमंत्रित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर अपने प्रेरणादायी संबोधन में बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज़ एम.सी. मैरी कॉम, अंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला सहित अनेक सफल महिलाओं के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से बालिकाएँ किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सकती हैं। इसके उपरांत डॉ. शिखा कुमारी ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी समाज में व्याप्त रूढ़िवादी प्रथाओं एवं कुरीतियों को समाप्त करने तथा बालिका सशक्तिकरण से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम पंचायत में प्रातःकालीन नाश्ते के रूप में चाय एवं पकौड़ी की व्यवस्था की गई, जबकि मध्यान्ह भोजन में स्वयंसेवकों द्वारा स्वयं तहरी बनाकर सामूहिक रूप से भोजन किया गया। उक्त समस्त कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के कुशल निर्देशन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगणों द्वारा भी सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया गया।