आज दिनांक 02 अगस्त 2026 को *अविका डिग्री कॉलेज, कन्नौज* में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान" के अंतर्गत कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के गायन से हुआ। इसके उपरांत योग शिक्षक डॉ. अभिषेक शेखर के निर्देशन में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्री हरि ओम प्रजापति ने कहा कि "हर वह वस्तु या आदत, जिसका आवश्यकता से अधिक अथवा *असंतुलित* प्रयोग किया जाए, नशे का रूप धारण कर लेती है। ऐसी स्थिति व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है तथा उसके जीवन का संतुलन बिगाड़ देती है।" उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उपनिदेशक डॉ. अभिषेक शेखर ने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।तत्पश्चात प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान" के अंतर्गत प्रसारित लाइव संबोधन का सामूहिक रूप से देखा। अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री जी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने देश के युवाओं से नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। लाइव प्रसारण के उपरांत महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान माय भारत स्वयंसेवक श्री दुर्गेश शर्मा की उपस्थिति रही।इस दौरान महाविद्यालय में सभी शिक्षकगण व छात्र - छात्राएं उपस्थित रहें ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.