नशा मुक्ति जागरूकता अभियान दिनॉक: 07.04.2025
जनता कॉलेज बकेवर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा तथा क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान बकेवर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य डॉ सचान जनता कॉलेज बकेवर इटावा के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनोज यादव, संस्थान के ट्रेनिंग ऑफिसर डॉ मनोज कुमार तथा मुख्य वक्ता नशा मुक्ति केंद्र कानपुर के कोऑर्डिनेटर विजय सिंह आदि ने कार्यक्रम की शुरुआत की। प्राचार्य डॉ सचान ने बताया कि मादक पदार्थों के सेवन से गंभीर सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और शारीरिक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। इससे निपटने के लिए, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 15 अगस्त 2020 को नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) की शुरुआत की। मुख्य वक्ता नशा मुक्ति केंद्र कानपुर के विजय सिंह ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान एक त्रि-आयामी हमला है, जिसमें नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो द्वारा आपूर्ति पर अंकुश, सामाजिक न्याय और अधिकारिता द्वारा आउटरीच और जागरूकता और मांग में कमी का प्रयास और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से उपचार शामिल है।'नशा निषेध दिवस' को मनाने के पीछे उद्देश्य लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है. नशीली दवाओं का सेवन करने से शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान होता है. इस दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में खासतौर पर युवाओं के लिए नशे के रोकथाम, उपचार और पुनर्वास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाता है. राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनोज यादव ने बताया कि नशे से बचने के लिए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना होगा। स्कूल, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में एनसीसी स्काउट्स, एनएसएस तथा रेडक्रॉस की गतिविधियों से जोड़ कर समाज को जागृत करना है। हमारे विद्यार्थी नशा अभियान में संवाहक का कार्य कर सकते हैं।