जनता डिग्री कॉलेज, बकेवर में लगा ‘मेरा युवा भारत पंजीकरण शिविर, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का मिला आह्वान
बकेवर, इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत के उप निदेशक, इटावा सुश्री सोनिका चंदा के निर्देशन में जनता डिग्री कॉलेज, बकेवर में ‘मेरा युवा भारत’ पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल से जोड़कर उन्हें व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना था। शिविर में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भरथना श्री आशीष कुमार एवं वॉलंटियर नितिन कुशवाहा तथा अंशुल प्रताप ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, उसके उद्देश्यों तथा इससे मिलने वाले विभिन्न अवसरों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से युवा देशभर में आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय, कौशल विकास एवं स्वयंसेवी कार्यक्रमों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं। शिविर के दौरान जनपद के एनएसएस नोडल अधिकारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक आशीष कुमार का सहयोग करते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को समाज सेवा, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का एक सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय चेतना का विकास होता है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल शैक्षिक उपलब्धियों तक सीमित न रहकर सामाजिक एवं राष्ट्रीय गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ से जुड़ने पर विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता, स्वयंसेवा तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के अनेक अवसर प्राप्त होंगे, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। इस अवसर पर डॉ. ज्योति भदौरिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं का आह्वान किया कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान से जुड़कर समाज एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मौके पर ही ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया।शिविर के अंत में सभी विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, सामाजिक सेवा एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।