जनता कॉलेज बकेवर में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत संगोष्ठी एवं रैली का आयोजन                                                              दिनांक: 13.08.2026
बकेवर, इटावा। जनता कॉलेज बकेवर, इटावा में राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं सांस्कृतिक क्रियाकलाप प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आज ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत संगोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व, सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। संगोष्ठी की अध्यक्षता कालेज की प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को देश की एकता, अखंडता, गौरव एवं राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों से तिरंगे के सम्मान एवं उसकी गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी एवं कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास एवं विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के वर्तमान स्वरूप की रूपरेखा पिंगली वेंकैया द्वारा तैयार की गई थी तथा संविधान सभा ने इसे 22 जुलाई, 1947 को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अंगीकृत किया था। उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों, केसरिया, श्वेत एवं हरेतथा मध्य में स्थित अशोक चक्र के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने ध्वज के सम्मान, ध्वजारोहण तथा ध्वज संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक अंकित ने राष्ट्रीय ध्वज के ऐतिहासिक विकास पर तथ्यात्मक एवं रोचक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप में समय-समय पर परिवर्तन हुए तथा वर्तमान तिरंगे के स्वरूप तक पहुंचने की यात्रा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने विभिन्न ध्वजों में प्रयुक्त रंगों एवं उनके ऐतिहासिक महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रभारी लेफ्टिनेंट ब्रह्मानंद ने तिरंगे के महत्व एवं उसके प्रति सम्मान की भावना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को रैली के दौरान लगाए जाने वाले राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने “हर घर तिरंगा”, “घर-घर तिरंगा”, “हर घर तिरंगा, तिरंगा मेरी शान है, भारत की पहचान है” जैसे नारों के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए प्रेरित किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. डी.जे. मिश्रा ने भी अपने संबोधन में राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं भारतीय नागरिकों के लिए तिरंगे की गरिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय पर्वों एवं महत्वपूर्ण अवसरों पर तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनोज कुमार यादव ने ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारने तथा उसे सुरक्षित रखने की प्रक्रिया के संबंध में भी विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज को मोड़ते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि उसकी गरिमा एवं मर्यादा बनी रहे। शैलेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों के समक्ष तिरंगे को निर्धारित एवं सम्मानजनक तरीके से मोड़कर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। संगोष्ठी के पश्चात कालेज परिसर से ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली कालेज परिसर के गेट नंबर 2 से निकालकर बकेवर के चौराहा नुक्कड़ होते हुए बकेवर थाना गेट पर पहुंचकर संपन्न हुई।कार्यक्रम में कालेज के अनुशासन अधिकारी डॉ. ए.के. पांडेय, डॉ. ललित गुप्ता, डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. संजय विश्वकर्मा, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. प्रकाश दुबे, डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ. इंदु बाला मिश्रा, डॉ. क्षमता मुक्तावत, डॉ. दिव्यांश पांडेय, अरविंद कुमार चौधरी, अजित अग्निहोत्री, रत्ना शुक्ला, मीनू त्रिपाठी, डॉ. अलका सहित कालेज के शिक्षकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के लगभग 165 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का संकल्प लिया।