जनता कॉलेज बकेवर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान पर संगोष्ठी आयोजितदिनांक: 01.08.2026
बकेवर (इटावा)। जनता कॉलेज बकेवर, इटावा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आज दिनांक 1 अगस्त 2026 को "नशा मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज की प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण युवाओं की जागरूकता और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि समाज में भी जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जंतु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ललित गुप्ता ने नशे के दुष्परिणामों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बीड़ी एवं सिगरेट के सेवन से लगभग 7000 से अधिक हानिकारक रसायन, जिनमें निकोटिन एवं कार्बन मोनोऑक्साइड प्रमुख हैं, फेफड़ों तक पहुंचते हैं, जिससे अस्थमा, सीओपीडी, फेफड़ों का कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शराब के सेवन से फैटी लीवर एवं लिवर सिरोसिस जैसी घातक बीमारियां होती हैं, जबकि पान मसाला एवं तंबाकू के सेवन से मुख एवं गले के कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है।प्रो. गुप्ता ने बताया कि सभी प्रकार के नशे शरीर में डोपामाइन की मात्रा को कृत्रिम रूप से तेजी से बढ़ा देते हैं, जिसके कारण शरीर प्राकृतिक रूप से डोपामाइन का निर्माण कम कर देता है। परिणामस्वरूप व्यक्ति बार-बार नशे की ओर आकर्षित होता है और इस दुष्चक्र से बाहर निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है।
इस अवसर पर डॉ. पी.के. राजपूत ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सभी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया। उन्होंने नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, पारिवारिक विघटन, सामाजिक एवं आर्थिक हानि पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्वयंसेवकों को समाज में जन-जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि संकल्प ले ले तो नशामुक्त भारत का सपना अवश्य साकार होगा।
संगोष्ठी में डॉ. संजीव कुमार, डॉ. देवेंद्र यादव सहित 65 राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को "नशा मुक्त भारत" की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.