Seven-day special camp organised by Atal Unit One University Campus
दिनांक: 12/02/2026
आज एनएसएस शिविर का तृतीय दिवस था। हम सभी स्वयंसेवक प्रातः निर्धारित समय पर टिक्कनपुरवा गाँव में पहुँचे। वहाँ पहुँचते ही हमने उत्साहपूर्वक एनएसएस गीत गाया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
गीत के पश्चात वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पूर्व में चिन्हित स्थानों के अनुसार हम सभी स्वयंसेवक घर-घर गए और उपयुक्त स्थानों पर पौधों का रोपण किया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देना था। ग्रामीणों ने भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग दिया।
इसके बाद हमने पूरे गाँव में स्वच्छता अभियान एवं जल संरक्षण विषय पर आधारित जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व के बारे में बताया गया तथा समझाया गया कि जल का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही, स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि साफ-सफाई से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।
जल संरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एनजीओ संचालित करने वाली सुहासनी मैम भी हमारे कैंप में उपस्थित हुईं। उन्होंने सभी ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों को जल संरक्षण के विषय में विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने जल संरक्षण के अनेक प्रभावी उपाय बताए, जैसे वर्षा जल संचयन, पानी का सीमित उपयोग, रिसाव को रोकना तथा दैनिक जीवन में पानी की बचत के सरल तरीके अपनाना। उन्होंने यह भी समझाया कि जल हमारे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है और हमें इसे कभी भी व्यर्थ नहीं करना चाहिए। उनका मार्गदर्शन अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा।
कार्यक्रम के दौरान हमारे कुछ सहयोगी स्वयंसेवकों ने सभी साथियों के लिए भोजन तैयार किया । सभी ने मिलकर भोजन किया, जिससे आपसी सहयोग और एकता की भावना मजबूत हुई।
भोजन के उपरांत हमारी प्रोग्राम ऑफिसर ममता तिवारी मैम ने ग्रामीण महिलाओं तथा सभी स्वयंसेवकों को वुमन हाइजीन एवं सर्वाइकल कैंसर के विषय में जागरूक किया। उन्होंने महिला स्वच्छता बनाए रखने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा जागरूक रहने के महत्व को समझाया। यह सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
इस प्रकार पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं महिला स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हम सभी स्वयंसेवकों ने एनएसएस के आदर्श वाक्य “Not Me But You” को आत्मसात करते हुए पूर्ण समर्पण और सहयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.