Seven-day special camp organised by Atal Unit One University Campus
दिनांक: 11 फरवरी 2026
एनएसएस अटल इकाई-1 के विशेष शिविर का द्वितीय दिवस संपन्न
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अटल इकाई-1 द्वारा बराठनपुरवा, बीठूर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का आज द्वितीय दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर की शुरुआत एनएसएस के प्रेरणादायी गीत के साथ की गई, जिससे स्वयंसेवकों में सामुदायिक सेवा के प्रति उत्साह एवं समर्पण की भावना जागृत हुई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता तिवारी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने पूरे गाँव में प्लास्टिक उन्मूलन अभियान चलाया। इस दौरान गाँव के विभिन्न स्थानों से प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत भवन में आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों को टीकाकरण केंद्र तक लाने में सहयोग किया तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनवाने में ग्रामीणों की सहायता की।
शाम के सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा कंपोजिट विद्यालय परिसर की वृहद स्तर पर सफाई की गई तथा भविष्य में वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता तिवारी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास होता है। शिविर में लगभग 50 स्वयंसेवक सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं।
— डॉ. ममता तिवारी
कार्यक्रम अधिकारी
एनएसएस अटल इकाई-1
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर
If website seems slow to load, please clear your browser cookies and refresh page.